गत वर्ष रबी सीजन 2025-26 (अक्टूबर से मार्च) में उर्वरक डी.ए.पी. 10298 मे.टन का वितरण किया गया था इस वर्ष 15 सितम्बर 2026 से रासायनिक उर्वरकों का रबी सीजन हेतु अग्रिम उठाव किया गया है। अग्रिम उठाव अंतर्गत 15 सितम्बर 2026 से आज दिनांक तक 8606 मैट्रिक टन डी.ए.पी. उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में डबललॉक केन्द्रों, सेवा सहकारी समितियों, निजी विक्रेताओं पर डी.ए.पी. के विकल्प एन.पी.के. 4760 मैट्रिक टन, एस.एस.पी. 4678 मैट्रिक टन उपलब्ध है। जिसके टोकन प्रातः 08 बजे से रात 08 बजे तक आसानी से बुक किये जा सकते हैं। रबी फसलों चना, मसूर, सरसों की बुवाई लगातार की जा रही है। इसलिए डी.ए.पी. का इंतजार न करते हुए वैकल्पिक उर्वरक एन.पी.के., एस.एस.पी. का उठाव कर बुवाई का कार्य किया जाये। यूरिया उर्वरक भी जिले में 8187 मे.टन उपलब्ध है।
डी.ए.पी. के विकल्प के रूप में 10:26:26, 20:20:0:13, एस.एस.पी. उर्वरकों के उपयोग करने की सलाह दी जाती है यह उर्वरक जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। डी.ए.पी. से नाईट्रोजन एवं फास्फोरस के अलावा अन्य पोषक तत्व फसलों को नहीं मिलते हैं जबकि एन.पी.के. उर्वरकों में नाईट्रोजन, फास्फोरस के साथ पोटाश तत्व भी पाया जाता है। पोटाश तत्व से फसल कीट, रोग से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है दानों की चमक में भी वृद्धि होती है जिसके उपज का अच्छा बाजार भाव प्राप्त होता है। एन.पी.के. उर्वरकों के उपयोग से खेत में नमी भी बनी रहती है।
एस.एस.पी. उर्वरक तिलहनी फसलों सरसों के लिए लाभदायक है क्योंकि एस.एस.पी. उर्वरक में फसलों के लिए आवश्यक फाॅस्फोरस, सल्फर और कैल्शियम तत्व पाये जाते हैं, जो सभी फसलों के लिए उपयुक्त है। एस.एस.पी. उर्वरक डी.ए.पी. से सस्ता भी है इसलिए सरसों फसल की बुवाई के लिए एस.एस.पी. फसल का उठाव करें। 20.20.0.13 उर्वरक (अमोनियम फॉस्फेट सल्फेट) के कई लाभ हैं, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, सल्फर पाया जाता है, जो तिलहनी फसलों सरसों में तेल की मात्रा के साथ उपज व गुणवत्ता दोनों को सुधारता है।



