भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय भोपाल द्वारा जिला प्रशासन बालाघाट के सहयोग से विकसित भारत, वीबी-जी राम जी, पोषण एवं स्वच्छता विषय पर दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट में आयोजित होगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे किया जाएगा।प्रदर्शनी के माध्यम से छायाचित्रों के जरिए विकसित भारत की परिकल्पना, वीबी-जी राम जी, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसका उद्देश्य आमजन को इन महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। आयोजन के दौरान फोटो प्रदर्शनी के साथ चित्रकला प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए संबंधित विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों तथा आमजन से प्रदर्शनी में शामिल होकर इसका लाभ उठाने और जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की है।
