मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की निवेश संवर्धन रणनीति पारंपरिक निवेश सम्मेलनों से आगे बढ़कर देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में उद्योगपतियों के साथ सीधे और निरंतर संवाद पर केंद्रित हो रही है। मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) द्वारा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में संचालित इन्वेस्टर आउटरीच के माध्यम से स्थापित इंडस्ट्रियल ग्रुप्स, मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों और टेक्नोलॉजी से जुड़ी संस्थाओं के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इन प्रयासों में उद्योगों की आवश्यकताओं को समझने, उनके विस्तार की योजनाओं के अनुरूप उपयुक्त औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध कराने और विश्वास पर आधारित संबंध विकसित करने पर जोर है।
उत्तर प्रदेश में ऑटोमोबाइल, डिफेंस और रिसर्च पर संवाद
एमपीआईडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री प्रतुल चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में कानपुर और लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर आउटरीच के दौरान ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस एवं डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, टेक्सटाइल, लेदर, फूड प्रोसेसिंग और रिसर्च के अवसरों पर चर्चा हुई। अशोक लेलैंड, पीटीसी इंडस्ट्रीज, त्रिवेणी अलमारी, ज्ञान डेयरी, एलिम्को, लार्सन एंड टुब्रो, हिलटेक्स इंडस्ट्रियल फैब्रिक्स, फ्लेवरटेक और मार्स एनर्जी एंड मोबिलिटी जैसी कंपनियों से संवाद हुआ। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, सागर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, उज्जैन-देवास में डेयरी तथा पीएम मित्र पार्क में टेक्सटाइल की संभावनाएं प्रस्तुत की गईं। ऑस्ट्रेलिया की फ्लेवरटेक के साथ मध्यप्रदेश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर की संभावना पर भी चर्चा हुई।
दिल्ली में ऑटोमोबाइल से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुश्री अनीषा श्रीवास्तव के नेतृत्व में दिल्ली में जेके लक्ष्मी सीमेंट, जेके फेनर और ब्रिटानिया सहित कंपनियों से औद्योगिक विस्तार पर चर्चा हुई। ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एसीएमए) और सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के माध्यम से टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, बॉश, ऊनो मिंडा तथा अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद हुआ। माइक्रोसॉफ्ट के साथ डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर तथा जापान के एमयूएफजी ग्रुप के साथ रिन्यूएबल एनर्जी, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स और टेक्नोलॉजी इन्वेस्टमेंट पर विचार-विमर्श किया गया। इंडिया मोबाइल कांग्रेस में ग्वालियर के प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को प्रस्तुत किया गया। लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड चेन क्षेत्र में भी उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बातचीत हुई।
राजस्थान में लगातार संवाद से मजबूत होते औद्योगिक संबंध
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री संदीप अस्थाना के नेतृत्व में जयपुर, भिवाड़ी और भीलवाड़ा में निवेशक संपर्क को निरंतर आगे बढ़ाया गया। जयपुर में इनसोलेशन एनर्जी, अनंता ग्रुप, ग्रेनटेक फूड्स और एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधियों से रिन्यूएबल एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग और फूड प्रोसेसिंग पर चर्चा हुई। भीलवाड़ा में नितिन स्पिनर्स के श्री दिनेश नोलखा, ओस्तवाल ग्रुप के श्री सौरभ गुप्ता, आरसीएम वर्ल्ड के श्री सौरभ छाबड़ा, सिक्योर मीटर्स के श्री अमित शर्मा और सिंथेटिक वीविंग मिल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ संवाद हुआ। भूमि, इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, पॉलिसी सपोर्ट और उद्योगों की जरूरतों पर चर्चा के साथ राजस्थान के उद्योगपतियों के मध्यप्रदेश में प्रस्तावित साइट विजिट की संभावना भी सामने आई। यह प्रयास दर्शाता है कि निवेशक संपर्क एक बार का आयोजन नहीं, बल्कि विश्वास और सहयोग की सतत प्रक्रिया है।
कोलकाता में स्टील, ग्रीन हाइड्रोजन और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग
श्री प्रतुल चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में कोलकाता में श्याम स्टील ग्रुप के वरिष्ठ नेतृत्व से सिवनी में इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की संभावनाओं पर चर्चा हुई। यूजीएम माइनिंग और शाकंभरी ग्रुप से शहडोल में मिनरल-बेस्ड इंडस्ट्री और स्टील मैन्युफैक्चरिंग पर संवाद हुआ। टीकेआईएल इंडस्ट्रीज के साथ ग्रीन हाइड्रोजन, सामविक पावर के साथ सागर जिले में बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम और सीआरआई लिमिटेड के साथ बॉल पेन टिप्स मैन्युफैक्चरिंग तथा लिथियम-आयन बैटरी रीसाइक्लिंग के प्रस्तावों पर विचार हुआ। रॉयल इन्फ्राकंस्ट्रू लिमिटेड के साथ रेलवे इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग और निक्को केबल्स तथा यूनिवर्सल कॉरपोरेशन के साथ औद्योगिक विस्तार की संभावनाएं भी चर्चा में रहीं।
रेलवे टेक्नोलॉजी और ऑटो कंपोनेंट्स में नए अवसर
उज्जैन क्षेत्र के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री राजेश राठौड़ ने प्लासर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री सिगफ्रीड फिंक के साथ रेलवे ट्रैक कंस्ट्रक्शन और मेंटेनेंस मशीनरी से जुड़े औद्योगिक अवसरों पर चर्चा की। आरआर केबल के डायरेक्टर श्री अनुराग सिंह जादौन के साथ इलेक्ट्रिकल प्रोडक्ट्स और केबल मैन्युफैक्चरिंग तथा एलोफिक इंडिया के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर श्री के.डी. साहनी के साथ इंदौर-उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र में मैन्युफैक्चरिंग विस्तार पर बातचीत हुई।
निवेशक विश्वास और दीर्घकालिक साझेदारी पर जोर
इन सभी इन्वेस्टर आउटरीच अभियानों में एक साझा दृष्टिकोण सामने आया है। मध्यप्रदेश केवल नीतियों और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर का परिचय देने के बजाय कंपनियों की विस्तार योजनाओं, भूमि की जरूरतों, सप्लाई चेन, कनेक्टिविटी, स्किल्स और परिचालन आवश्यकताओं को समझकर उनके अनुरूप अवसर प्रस्तुत कर रहा है। प्रारंभिक मुलाकातों के बाद फॉलो-अप, साइट विजिट और विभागीय समन्वय के माध्यम से निवेश रुचि को व्यवहार्य परियोजनाओं में बदलने पर ध्यान दिया जा रहा है।
समिट से आगे भी जारी रहेगा संवाद
भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्योग प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के साथ इन संवादों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। समिट को निवेशक संपर्क का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि पहले से विकसित संबंधों को नई दिशा देने वाले मंच के रूप में देखा जा रहा है। देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में एमपीआईडीसी के निरंतर प्रयास संकेत देते हैं कि प्रदेश की निवेश संवर्धन रणनीति अब व्यापक प्रचार से आगे बढ़कर लक्षित संवाद, क्षेत्रीय अवसरों की पहचान, निवेशक विश्वास और दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी पर केंद्रित है।




