निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश भोपाल की गाइडलाइन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार और जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के.इड़पाचे के विशेष निर्देशन में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप प्लान) के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में गत दिवस शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में विधानसभा छिंदवाड़ा स्तर पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता एवं मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।
आयोजन में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा के प्राचार्य श्री आर.के. साहू एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री पी.एन. सनेसर विशेष रूप से उपस्थित थे। विधानसभा छिंदवाड़ा के सहायक नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य श्री सी.के. खादीकर तथा सहायक नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य श्री एम.पी. चोरिया के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। क्विज प्रतियोगिता का संचालन क्विज मास्टर श्री धीरेंद्र दुबे, श्री संजय माहोड एवं श्री योगेश डोंगरे द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में क्विज के लिए 10 तथा निबंध प्रतियोगिता के लिए 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में 18 नवंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें छिंदवाड़ा, परासिया, चौरई, अमरवाड़ा एवं जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिभागी विद्यार्थी शामिल होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में क्विज के टॉप 10 एवं निबंध प्रतियोगिता के टॉप 10 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

