युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) द्वारा ‘विकसित भारत युवा संसद 2027’ के आठवें संस्करण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ बढ़ाने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह आयोजन ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ के विशेष ट्रैक के रूप में आयोजित किया जाएगा।

30 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

माय भारत जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल [mybharat.gov.in] (https://mybharat.gov.in) पर 30 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 17 अगस्त 2026 तक आवेदक की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। इसमें विद्यार्थी और गैर-विद्यार्थी, ग्रामीण युवा, महिलाएं तथा वंचित वर्ग के पात्र युवा भी भाग ले सकते हैं। हालांकि, पूर्व संस्करणों के राष्ट्रीय दौर के फाइनलिस्ट इसमें भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।

खास बातें

  • प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 17 अगस्त 2026 तक आवेदक की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
  • प्रतियोगिता का प्रथम चरण 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक धार सहित देश के 786 जिलों में आयोजित किया जाएगा।
  • प्रतियोगिता का द्वितीय चरण 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के मध्य राज्य विधानसभाओं में आयोजित किया जाएगा।

जिला स्तर पर ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता का प्रथम चरण 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक धार सहित देश के 786 जिलों में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भी आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा में अपनी बात रख सकेंगे। विशेषज्ञों के निर्णायक मंडल द्वारा जिला स्तर पर तीन विजेताओं का चयन किया जाएगा, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

राज्य स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर

प्रतियोगिता का द्वितीय चरण 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के मध्य राज्य विधानसभाओं में आयोजित किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश से तीन प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा। तृतीय एवं अंतिम चरण 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन (पुरानी संसद) के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगा। इसमें देशभर से चयनित 108 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात 11 एवं 12 जनवरी 2027 को प्रतिभागियों को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जहां वे नीति-निर्माताओं के साथ संवाद करेंगे। साथ ही, प्रतिभागी नई संसद एवं प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण भी करेंगे।

माय भारत जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने धार जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 से पूर्व माय भारत के आधिकारिक पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। यह प्रतियोगिता युवाओं को संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली समझने, अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।