प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से परंपरागत व्यवसाय से जुड़े लोगों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर मिल रहा है। योजना के माध्यम से हितग्राहियों को आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके कार्य में सुविधा के साथ-साथ आय में भी वृद्धि हो रही है।
ग्राम अमरहा निवासी रवि नबित सलून व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे लगभग दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़े थे। योजना से जुड़ने से पहले वे सीमित संसाधनों के साथ सलून का कार्य करते थे और उनकी आमदनी भी कम थी।
रवि नबित ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत उन्हें किट प्राप्त हुई। किट मिलने से उनके सलून में काम आने वाला सामान बढ़ गया और वे पहले की तुलना में बेहतर तरीके से अपना व्यवसाय कर पा रहे हैं। संसाधन बढ़ने के बाद उनके काम में भी वृद्धि हुई, जिसका सीधा असर उनकी आमदनी पर पड़ा।
उन्होंने बताया कि पहले उनकी आमदनी लगभग 2 से 4 हजार रुपये तक होती थी, लेकिन योजना से किट मिलने और व्यवसाय में आवश्यक सामान बढ़ने के बाद उनकी आमदनी बढ़कर लगभग 10 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इससे उन्हें अपने परिवार के भरण-पोषण में भी सहायता मिल रही है।
रवि नबित ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिले सहयोग ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।





