नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को जाम एवं असुविधा से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत 19 अक्टूबर को नवरात्रि के अंतिम दिन शहर के प्रमुख मार्गों एवं गरबा स्थलों पर संभावित भीड़ को देखते हुए मध्यरात्रि 12 बजे तक भारी एवं मध्यम वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर छत्रसाल स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान गांधी चौक से अस्पताल तिराहा मार्ग पर भीड़ की संभावना को देखते हुए दोपहर 3 बजे से रावण दहन कार्यक्रम की समाप्ति तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस अवधि में वाहन चालक लालता चौक से गोपालदास रोड होते हुए, सूखा नाला के किनारे बनी सड़क से अस्पताल तिराहा की ओर जा सकेंगे। रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए गांधी चौक, मानस भवन एवं सम्राट चौक में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

सीधी-मऊगंज मार्ग पर स्थित गऊघाट (सोन नदी) में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान अत्यधिक भीड़भाड़ एवं दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए 20 एवं 21 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात एडवाइजरी का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।