उज्जैन, 05 अक्‍टूबर। जल जीवन मिशन के तहत उज्जैन ब्लॉक के ग्राम चाँदमुख में नल जल योजना से ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुविधाएं बढ़ी हैं। अब घर के नल से पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।ग्राम चाँदमुख में वर्ष 2021-22 में शुरू हुई उज्जैन एकल जल प्रदाय योजना के माध्यम से नियमित जल प्रदाय किया जा रहा है। योजना के पहले ग्रामीणों को पानी के लिए करीब 7 किलोमीटर तक जाना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को पानी लाने में काफी समय देना पड़ता था, जिससे घर के अन्य कार्यों के लिए समय कम बचता था।नल से घर तक पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों की रोजमर्रा की दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव आया है। सुबह के समय पानी उपलब्ध होने से घरेलू कार्य समय पर पूरे हो रहे हैं और परिवार के अन्य जरूरी कामों के लिए भी पर्याप्त समय मिल रहा है।ग्राम की रेशम बाई ने बताया कि पहले पानी के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब सुबह घर पर ही नल से पानी मिल जाता है। इससे घर के काम आसानी से हो जाते हैं और बच्चों को भी समय पर तैयार कर स्कूल भेजना संभव हो पाया है।घर-घर नल से जल की सुविधा ग्रामीण परिवारों के लिए केवल पेयजल की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि समय की बचत और रोजमर्रा के जीवन में सहजता का माध्यम भी बन रही है।