राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर के प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री सुबोध अभ्यंकर के आदेशानुसार म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। नेशनल लोक अदालत के समक्ष सिविल (एम.ए.सी.टी.आदि), रिट, क्रिमिनल एवं अन्य प्रकृति के कुल 537 प्रकरणों को सुनवाई हेतु रखा गया था जिसमें से कुल 241 प्रकरण निराकृत किये जाकर लगभग 3 करोड़ 19 लाख 04 हजार 921 रुपये के अवार्ड पारित हुए, उक्त प्रकरणों के निराकरण से 1170 पक्षकार लाभान्वित हुए।
वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ शनिवार उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर के सभागार में प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री सुबोध अभ्यंकर, न्यायाधिपति श्री राजेन्द्र कुमार वाणी एवं न्यायाधिपति श्री जय कुमार पिल्लई द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर श्री अनूप कुमार त्रिपाठी, प्रिसिंपल रजिस्ट्रार, श्री नीरज मालवीय, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, श्री मनीष यादव, अध्यक्ष, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, श्री मनीष गढ़कर सचिव उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, खण्डपीठ के सदस्य अधिवक्ता श्री निशित विशर्ड, अधिवक्ता सुश्री निधि बोहरा सहित अन्य अधिवक्तागण, बीमा कंपंनियों के अधिकारीगण, उच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। न्यायाधिपतिगण द्वारा कांफ्रेंस हॉल में उपस्थित सभी व्यक्तियों को नेशनल लोक अदालत की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।
नेशनल लोक अदालत में उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर की ओर से प्रकरणों को सुनवाई हेतु न्यायाधिपति श्री राजेन्द्र कुमार वाणी व न्यायाधिपति श्री जय कुमार पिल्लई की खण्डपीठों के समक्ष रखा गया जिसमें खण्डपीठों द्वारा 241 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।




