मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मालवांचल के शाजापुर–शुजालपुर क्षेत्र में कृष्णमृग (ब्लैकबक) कैप्चर एवं स्थानांतरण अभियान का द्वितीय चरण जारी है। अभियान के द्वितीय दिवस आज हन्नूखेड़ी में 79 कृष्णमृगों को सफलतापूर्वक पकड़ा गया।

अभियान का उद्देश्य फसल हानि से प्रभावित स्थानीय ग्रामीण समुदायों की समस्याओं का निदान करना तथा मानव–वन्यप्राणी द्वंद्व एवं वन्यप्राणियों से होने वाली फसल क्षति को कम करना है। साथ ही कृष्णमृगों को उनके अनुकूल वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से स्थापित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। द्वितीय चरण में कुल 2000 कृष्णमृगों को अनुकूल वन क्षेत्र में स्थानांतरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

खास बातें

  • द्वितीय चरण में कुल 2000 कृष्णमृगों को अनुकूल वन क्षेत्र में स्थानांतरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
  • अभियान में दक्षिण अफ्रीका की विशेषज्ञ संस्था ‘कंजर्वेशन सॉल्यूशंस’ का तकनीकी सहयोग प्राप्त हो रहा है।
  • वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण और किसानों की फसलों की सुरक्षा के इस प्रयास में निरंतर जनसहयोग की अपील की है।

अभियान में दक्षिण अफ्रीका की विशेषज्ञ संस्था ‘कंजर्वेशन सॉल्यूशंस’ का तकनीकी सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वन्यप्राणी चिकित्सक, वन अधिकारी एवं प्रशिक्षित मैदानी कर्मचारी भी अभियान में सहभागिता कर रहे हैं। वन्यप्राणियों के रेस्क्यू, देखभाल एवं सुरक्षित परिवहन के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

अभियान में जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण और किसानों की फसलों की सुरक्षा के इस प्रयास में निरंतर जनसहयोग की अपील की है।